10वीं-12वीं द्वितीय परीक्षा के आवेदन की तिथि बढ़ी, अब 26 अप्रैल तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन

कटनी। विद्यार्थियों को बड़ी राहत देते हुए माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल ने हाईस्कूल (10वीं) एवं हायर सेकेंडरी (12वीं) द्वितीय परीक्षा 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब छात्र-छात्राएं 26 अप्रैल 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। इस संबंध में मंडल द्वारा आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
बताया गया है कि पहले आवेदन की अंतिम तिथि 22 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई थी, लेकिन कई विद्यार्थियों द्वारा समय पर आवेदन न कर पाने की स्थिति को देखते हुए यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। तिथि बढ़ाए जाने से उन छात्रों को विशेष लाभ मिलेगा जो किसी कारणवश अब तक आवेदन नहीं कर सके थे।
मंडल के अनुसार, विद्यार्थी MP Online Portal के माध्यम से आसानी से अपना आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और इसके लिए विद्यार्थियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा। साथ ही मंडल ने स्पष्ट किया है कि आवेदन से संबंधित अन्य सभी नियम एवं शर्तें पूर्ववत ही लागू रहेंगी।
शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यह निर्णय विद्यार्थियों के हित में उठाया गया एक सकारात्मक कदम है, जिससे अधिक से अधिक छात्र परीक्षा में शामिल हो सकेंगे और अपने शैक्षणिक वर्ष को बचा पाएंगे।
छात्रों और अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए जल्द से जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या या विलंब से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *