कटनी। जिले में आगामी जनगणना कार्य को सुचारू एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार को कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने बहोरीबंद क्षेत्र के भ्रमण के दौरान सांदीपनी विद्यालय पहुंचकर यहां संचालित जनगणना प्रशिक्षण कार्य का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री तिवारी ने प्रशिक्षण ले रहे कर्मचारियों की उपस्थिति, प्रशिक्षण की गुणवत्ता तथा उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य के लिए कर्मचारियों को पूरी गंभीरता और दक्षता के साथ प्रशिक्षित किया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे।
कलेक्टर ने विद्यालय में अध्ययनरत छात्रों की संख्या के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। विद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि वर्तमान में यहां 809 छात्र नामांकित हैं। साथ ही आसपास के लगभग 10 विद्यालयों को सांदीपनी विद्यालय में मर्ज करने की प्रक्रिया जारी है, जिसके पूर्ण होने के बाद यहां छात्रों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इस पर कलेक्टर ने व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए, ताकि बढ़ती छात्र संख्या के अनुरूप संसाधनों का समुचित प्रबंधन किया जा सके।
उन्होंने विद्यालय परिसर का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई, कक्षाओं की स्थिति तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी अवलोकन किया और आवश्यक सुधार के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
इस दौरान एसडीएम बहोरीबंद श्री राकेश कुमार चौरसिया, तहसीलदार श्री आशीष अग्रवाल सहित जनगणना के मास्टर ट्रेनर एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा जनगणना कार्य को लेकर किए जा रहे इन प्रयासों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे जिले में यह कार्य समयबद्ध और प्रभावी तरीके से संपन्न हो सके।
सांदीपनी विद्यालय में जनगणना प्रशिक्षण का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
