राहगीरों, पशु-पक्षियों के लिए राहत: हथकुरी में खोला गया प्याऊ जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत नवांकुर संस्था की सराहनीय पहल

रिपोर्ट: उमेश त्रिपाठी, सह संपादक, दर्पण 24 न्यूज

कटनी/रीठी। मध्य प्रदेश शासन द्वारा संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जन अभियान परिषद कटनी द्वारा चयनित नवांकुर संस्था संरचना समाज कल्याण समिति, सेक्टर रीठी ने प्रस्फुटन ग्राम हथकुरी में राहगीरों, पशु-पक्षियों के लिए प्याऊ का शुभारंभ कर मानवता और पर्यावरण संरक्षण का उत्कृष्ट संदेश दिया है।

भीषण गर्मी के इस दौर में जहां पानी की उपलब्धता एक बड़ी चुनौती बन जाती है, वहीं संस्था द्वारा खोला गया यह प्याऊ आमजन, मवेशियों और पक्षियों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहा है। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाजहित में एक प्रेरणादायक कदम बताया।

उल्लेखनीय है कि जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत पूरे प्रदेश में जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। कहीं दीवार लेखन के माध्यम से जागरूकता फैलाई जा रही है, तो कहीं बोरी बंधान, भूमि पूजन और जल संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है। इसी कड़ी में प्याऊ की स्थापना कर जल के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

संरचना समाज कल्याण समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था का उद्देश्य केवल सेवा कार्य करना ही नहीं, बल्कि लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी है, ताकि भविष्य में जल संकट से बचा जा सके।

इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों, नवांकुर सखियों एवं समिति के सदस्यों ने संकल्प लिया कि वे जल बचाने और पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को जन आंदोलन का रूप देंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *