अवैध रेत परिवहन पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली जप्त

कटनी जिले में अवैध खनन और रेत के अवैध परिवहन के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में बड़वारा और खितौली थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली जप्त की हैं, जो बिना वैध दस्तावेज (रॉयल्टी) के रेत का परिवहन करते पाए गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले भर में अवैध खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बड़वारा थाना क्षेत्र में पुलिस टीम ने सघन चेकिंग के दौरान 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका, जिनमें रेत भरी हुई थी। जांच के दौरान वाहन चालकों से रॉयल्टी या अन्य वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों वाहनों को जप्त कर लिया।
वहीं, खितौली थाना पुलिस ने भी इसी तरह की कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा, जो अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहा था। चालक द्वारा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर वाहन को जप्त कर वैधानिक कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध खनन और रेत के अवैध परिवहन पर सख्ती से रोक लगाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध खनन या रेत परिवहन की जानकारी मिले, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस या संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
कटनी पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध खनन में लगे लोगों में हड़कंप मच गया है, वहीं प्रशासन की सख्ती से क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *