कटनी में जनसुनवाई: कलेक्टर आशीष तिवारी ने 153 आवेदकों की समस्याएं सुनीं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

कटनी। जिले में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर आशीष तिवारी ने 153 आवेदकों की शिकायतें गंभीरता से सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समस्याओं का शीघ्र और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, संयुक्त कलेक्टर जितेन्द्र पटेल, एसडीएम प्रमोद कुमार चतुर्वेदी तथा जिला प्रबंधक लोक सेवा दिनेश विश्वकर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बर्न कंपनी के चौकीदारों का मामला उठा
जनसुनवाई में अनिल यादव, रविशंकर, रामप्रसाद कुशवाहा और रामअवतार शर्मा सहित अन्य आवेदकों ने निवार पहाड़ी स्थित बंद हो चुकी बर्न कंपनी से जुड़े भुगतान का मुद्दा उठाया। आवेदकों ने बताया कि कंपनी द्वारा रेलवे को परिसंपत्ति हस्तांतरित किए जाने के बाद उनसे चौकीदारी का कार्य जारी रखने को कहा गया था और भुगतान रेलवे द्वारा करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक उन्हें मजदूरी का एक भी पैसा नहीं मिला। इस पर कलेक्टर ने रेलवे के एरिया मैनेजर को मामले का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
स्वरोजगार योजना में ब्याज अनुदान नहीं मिलने की शिकायत
कटनी निवासी संतोष कुमार दाहिया ने संत रविदास स्वरोजगार योजना के अंतर्गत लिए गए ऋण पर 5 प्रतिशत ब्याज अनुदान नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर कलेक्टर ने उद्योग विभाग के महाप्रबंधक को आवश्यक कार्रवाई कर आवेदक को लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
एक लाख का बिजली बिल बना परेशानी
ढीमरखेड़ा तहसील के ग्राम खम्हरिया की निवासी गंशी बाई ने बताया कि उनके घरेलू बिजली कनेक्शन का बिल लंबे समय से नहीं आ रहा था, लेकिन अब एक साथ करीब एक लाख रुपये का बिल आ गया है। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण वह इस राशि का भुगतान करने में असमर्थ हैं। कलेक्टर ने विद्युत विभाग को मामले की जांच कर उचित समाधान करने के निर्देश दिए।
पीएम आवास योजना का लाभ नहीं मिलने पर नाराजगी
गांधी गंज निवासी राजकुमार निषाद ने अपनी जर्जर आवासीय स्थिति बताते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि कई बार आवेदन करने के बावजूद उन्हें योजना का लाभ नहीं मिला। इस पर कलेक्टर ने नगर निगम आयुक्त को पात्रता अनुसार जांच कर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
त्वरित समाधान पर जोर
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर आशीष तिवारी ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निराकरण सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
जनसुनवाई में जिले भर से आए लोगों ने विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें और मांगें प्रस्तुत कीं, जिन पर प्रशासन द्वारा गंभीरता से कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *