स्लीमनाबाद में गेहूं भंडारण पर बड़ी कार्रवाई: संयुक्त दल की छापेमारी, अवैध स्टॉक सील

कटनी। जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के दौरान अनियमितताओं और बिचौलियों की सक्रियता पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर गठित संयुक्त दल ने स्लीमनाबाद क्षेत्र के ग्राम धुरी में छापामार कार्रवाई करते हुए बड़े पैमाने पर गेहूं भंडारण की जांच की। इस दौरान कई स्थानों पर भारी मात्रा में गेहूं का स्टॉक पाया गया, जिसमें एक गोदाम को अवैध भंडारण के चलते मौके पर ही सील कर दिया गया।
प्रशासन की सख्त कार्रवाई
यह कार्रवाई एसडीएम बहोरीबंद राकेश चौरसिया के मार्गदर्शन में की गई। विशेष जांच टीम में तहसीलदार स्लीमनाबाद आकाशदीप नामदेव, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट सारिका रावत और नायब तहसीलदार राजकुमार नामदेव शामिल रहे। इसके साथ ही कृषि उपज मंडी समिति के उड़नदस्ता प्रभारी आनंद मिश्रा के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक सुधीर त्रिपाठी, विकास मिश्रा और प्रशांत मौर्य की टीम ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
कहां कितना मिला गेहूं
छापेमारी के दौरान अलग-अलग व्यापारियों के पास बड़ी मात्रा में गेहूं भंडारित पाया गया—
आशीष सोनी के पास: 2200 बोरी
बृजेश सोनी के पास: 950 बोरी
आकाश मौर्य के पास: 654 बोरी
ओंकार साहू के पास: 330 बोरी
इसके अलावा नारायण सोनी के चार शटर वाले गोदाम में रखे गए स्टॉक को संदिग्ध और अवैध मानते हुए प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।
मंडी अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई
राजस्व और मंडी समिति के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ मंडी अधिनियम के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रीसाइक्लिंग पर प्रशासन का शिकंजा
कलेक्टर आशीष तिवारी ने साफ शब्दों में कहा है कि गेहूं उपार्जन प्रक्रिया में “रीसाइक्लिंग” यानी पुराने या खरीदे गए गेहूं को समर्थन मूल्य पर बेचने की प्रवृत्ति को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
किसानों के हित में उठाया कदम
प्रशासन का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य सरकारी खजाने को नुकसान से बचाना और यह सुनिश्चित करना है कि समर्थन मूल्य योजना का लाभ केवल वास्तविक किसानों तक ही पहुंचे। बिचौलियों और अवैध कारोबारियों पर लगाम लगाने के लिए आगे भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे।
(दर्पण 24 न्यूज के लिए विशेष रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *