कटनी।।16 अप्रैल 2026 की देर रात चाकू से हमला कर तीन लोगों को घायल करने की घटना में शामिल आरोपियों को एन.के.जे. पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने न केवल आरोपियों को पकड़ा, बल्कि उनके खिलाफ सख्त संदेश देने के लिए शहर में जुलूस भी निकाला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 अप्रैल की रात अचानक चाकूबाजी की घटना सामने आई, जिसमें तीन व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एन.के.जे. थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। साथ ही पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से तीनों आरोपियों की पहचान की और कुछ ही घंटों के भीतर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का शहर में जुलूस निकाला, जिससे आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हो और अपराधियों में भय का माहौल बने। जुलूस के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की आपराधिक घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घायलों की स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है और उनका उपचार जारी है।
इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के नागरिकों ने राहत की सांस ली है और पुलिस की कार्यशैली की सराहना की है।
शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की त्वरित कार्रवाई एक बार फिर देखने को मिली
