अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल तेंदुए का सफल रेस्क्यू, मुकुंदपुर जू में चल रहा उपचार

कटनी। जिले में वन विभाग की तत्परता और समन्वित प्रयासों से एक घायल तेंदुए को नया जीवन मिला है। कटनी-उमरिया हाईवे पर सड़क दुर्घटना का शिकार हुए इस तेंदुए का सफल रेस्क्यू कर उसे उपचार के लिए मुकुंदपुर जू भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राज्य वन विकास निगम के कुण्डम परियोजना मण्डल अंतर्गत बड़वारा परिक्षेत्र की भदौरा बीट में कक्ष क्रमांक 453 के पास हाईवे किनारे एक तेंदुआ गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला। आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़वारा परिक्षेत्र अधिकारी सहित वन विभाग का अमला तत्काल मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए संभागीय प्रबंधक मोहित सूद द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया, जिसके बाद उनके मार्गदर्शन में संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
रेस्क्यू के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ एकत्र हो गई थी, जिसे नियंत्रित करने के लिए कटनी वन मण्डल (सामान्य) के कर्मचारियों ने मोर्चा संभाला। इस बीच बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश तोमर को बुलाया गया। उन्होंने अत्यंत सावधानीपूर्वक तेंदुए को ट्रैंक्विलाइज (बेहोश) किया, ताकि उसे सुरक्षित रूप से पकड़ा जा सके।
इसके बाद विशेष ट्रैप केज की सहायता से तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार घायल तेंदुए को तत्काल मुकुंदपुर जू भेजा गया, जहां विशेषज्ञ वन्यप्राणी चिकित्सकों की निगरानी में उसका गहन परीक्षण किया गया।
चिकित्सकों के अनुसार तेंदुए को गंभीर चोटें आई हैं, जिसके चलते उसका इलाज मुकुंदपुर जू में ही किया जा रहा है। फिलहाल उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और विशेषज्ञ टीम उसे स्वस्थ करने में जुटी हुई है।
वन विभाग की इस त्वरित कार्रवाई और समन्वय से एक दुर्लभ वन्यजीव का जीवन बचाया जा सका है, जिसे लेकर क्षेत्र में सराहना का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *