कटनी। जिले में आम नागरिकों को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासन ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर राजस्व विभाग एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम द्वारा बहोरीबंद और स्लीमनाबाद क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवकी सोनवानी ने जानकारी देते हुए बताया कि टीम ने बहोरीबंद स्थित श्री कृष्णा किराना स्टोर की जांच की। इस दौरान दुकान में विक्रय के लिए रखे गए सरसों तेल, मसाले, नमकीन और कोल्ड ड्रिंक के नमूने एकत्रित किए गए, जिन्हें परीक्षण हेतु भेजा जा रहा है।
इसी क्रम में स्लीमनाबाद स्थित दिगंबर एजेंसी का भी औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान दुकान में एक्सपायरी डेट के नमकीन के लगभग 50 पैकेट पाए गए, जिन्हें तत्काल मौके पर ही नष्ट कराया गया। यह कार्रवाई उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए की गई।
निरीक्षण के दौरान एजेंसी में रेड हिन्द ब्रांड के कोल्ड ड्रिंक, पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर और थम्स अप सहित विभिन्न पेय पदार्थों का थोक भंडारण पाया गया। इन सभी उत्पादों के सैंपल लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजे जा रहे हैं।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने यह भी संकेत दिया है कि जिले में इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।
प्रशासन की इस कार्रवाई से व्यापारियों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम नागरिकों ने इसे सराहनीय कदम बताया है। यह अभियान न केवल मिलावटखोरी और लापरवाही पर लगाम लगाएगा, बल्कि लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा भी सुनिश्चित करेगा।
कटनी में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, एक्सपायरी नमकीन के 50 पैकेट नष्ट
