कटनी। सलैया फाटक में आयोजित श्री राम महायज्ञ के अंतर्गत चल रही श्रीमद्भागवत कथा में सोमवार को कृष्ण जन्म उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। कथा स्थल पर भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की झांकी ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरा पंडाल “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से गूंज उठा।
कथा वाचक महराज जी ने अपने प्रवचन में भक्त प्रहलाद की भक्ति, भगवान की विभिन्न लीलाओं और धर्म के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान की कथा का श्रवण करने मात्र से ही मनुष्य के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है और आत्मिक शांति की प्राप्ति होती है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और कथा का रसपान कर भाव-विभोर हो उठे। इस दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने भी अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम में जिला धर्म प्रसार प्रमुख दीपक मिश्रा, मोहित सिंह ठाकुर, जिला सह धर्म प्रसार प्रमुख पंकज साहू, प्रखंड सुरक्षा प्रमुख सचिन रजक एवं प्रखंड सोशल मीडिया सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। आयोजन समिति द्वारा सभी श्रद्धालुओं के लिए सुचारू व्यवस्था की गई थी।
कथा का क्रम आगामी दिनों में भी जारी रहेगा, जिसमें प्रतिदिन अलग-अलग धार्मिक प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा।
सलैया फाटक में श्रीमद्भागवत कथा में कृष्ण जन्म उत्सव की धूम, भक्तों में दिखा उत्साह
