रीठी। जनपद पंचायत रीठी अंतर्गत ग्राम पंचायत खम्हरिया नं.1 में बिजली विभाग की लापरवाही से ग्रामीणों की जान खतरे में बनी हुई है। गांव में एक बिजली का खंभा करीब एक वर्ष से टूटा पड़ा है, लेकिन आज तक बिजली विभाग के अधिकारियों द्वारा उसे सुधारने या नया खंभा लगाने की कोई ठोस पहल नहीं की गई।
टूटे हुए खंभे के कारण बिजली के तार काफी नीचे झूल रहे हैं, जिससे गांव के लोगों में हर समय किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर खंभा गिरा हुआ है, उसी परिवार में इसी माह दो शादियां होने वाली हैं, लेकिन रास्ते में नीचे लटकते बिजली तारों के कारण न तो बड़े वाहन निकल पा रहे हैं और न ही शादी के कार्यक्रमों की उचित व्यवस्था हो पा रही है।
स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि रास्ते से गुजरने वाले वाहन चालक लकड़ी से बिजली के तारों को ऊपर उठाकर वाहन निकालने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि गलती से कोई तार वाहन से छू गया या अचानक टूटकर किसी व्यक्ति पर गिर गया तो बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों के अनुसार कई बार इस समस्या की जानकारी बिजली विभाग के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं किया गया। गांव के लोगों में इस बात को लेकर गहरा आक्रोश और चिंता है कि एक साल से खतरा बना हुआ है, फिर भी जिम्मेदार विभाग ध्यान नहीं दे रहा है।
ग्रामवासियों ने बिजली विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द नया बिजली खंभा लगाकर लटकते तारों को ठीक कराया जाए, ताकि किसी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।
इस दौरान समाजसेवी शरद यादव, निर्भय यादव, गजराज यादव, त्रिलोक यादव, दिनेश यादव, सुनील यादव, कन्हैया, सुनील कुमार, सचिन, प्रांशु, मूरत आदिवासी, श्रीराम सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे
