कटनी। जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन का कार्य प्रारंभ हो चुका है। प्रशासन द्वारा सभी खरीदी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
कलेक्टर आशीष तिवारी ने निर्देश दिए हैं कि खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, व्यवस्थित और समयबद्ध ढंग से संचालित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा है कि किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिला आपूर्ति अधिकारी सज्जन सिंह परिहार ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार को विलायतकलाला उपार्जन केंद्र में 19 क्विंटल तथा स्लीमनाबाद केंद्र में 54.5 क्विंटल गेहूं की खरीदी की गई। अब तक जिले के 5,416 किसानों द्वारा अपनी उपज विक्रय के लिए स्लॉट बुकिंग कराई जा चुकी है, जो इस वर्ष खरीदी प्रक्रिया में किसानों की सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है।
कलेक्टर के निर्देशानुसार जिला आपूर्ति अधिकारी सज्जन सिंह परिहार एवं सहायक आपूर्ति अधिकारी पियूष शुक्ला ने कन्हवारा उपार्जन केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र प्रभारी को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए, जिससे खरीदी कार्य सुचारु रूप से चलता रहे।
प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसानों को समय पर भुगतान मिले और पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संचालित हो।
कटनी में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन शुरू, किसानों के लिए व्यापक व्यवस्थाएं
