कटनी में आगामी त्योहारों को लेकर शांति समिति की बैठक, प्रशासन ने की सौहार्द बनाए रखने की अपील

कटनी से राजकुमारी मिश्रा की रिपोर्ट — कटनी जिले में होली, धुरेड़ी, नवरात्रि, रामनवमी, चैत्री चांद झूलेलाल जयंती एवं ईद-उल-फितर सहित विभिन्न आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सद्भावनापूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम सभाकक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर आशीष तिवारी ने की।

बैठक में त्योहारों के दौरान व्यवस्थाओं को लेकर समिति सदस्यों से विस्तृत चर्चा की गई तथा सुझाव प्राप्त कर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। प्रशासन और शांति समिति ने जिलेवासियों से सभी पर्व शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील भी की।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष सुनीता मेहरा, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, एएसपी संतोष डेहरिया, संयुक्त कलेक्टर जितेन्द्र पटेल, एसडीएम प्रमोद कुमार चतुर्वेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

संयुक्त कलेक्टर ने जानकारी देते हुए बताया कि 3 मार्च को होलिका दहन, 4 मार्च को रंग उत्सव (धुरेड़ी) तथा रंग पंचमी मनाई जाएगी। वहीं 27 मार्च को जवारा विसर्जन और 28 मार्च को रामनवमी जुलूस के दौरान विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का आग्रह समिति सदस्यों द्वारा किया गया। ईद-उल-फितर का पर्व 21 मार्च 2026 को मनाया जाएगा।

कलेक्टर ने अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि होलिका दहन मुख्य सड़कों, बिजली तारों या ट्रांसफार्मर के पास न करें, हरे-भरे पेड़ों की कटाई से बचें तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों का अनधिकृत उपयोग न करें।

कलेक्टर ने कहा कि कटनी जिले में सभी त्योहार मिलजुलकर मनाने की परंपरा अनुकरणीय है। उन्होंने शांति समिति सदस्यों से अपने समाज विशेषकर युवाओं को शांतिपूर्ण ढंग से पर्व मनाने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। त्योहारों के दौरान पेयजल, साफ-सफाई, यातायात, सुरक्षा व्यवस्था तथा जिला अस्पताल में आकस्मिक उपचार की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *