
कटनी। ग्राम पिपरिया परोहा में महान संत, समाज सुधारक एवं स्वच्छता के प्रेरणास्रोत संत गाडगे बाबा की जयंती हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन युवा सवेरा समिति के तत्वावधान में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, महिलाएं एवं युवा शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व जनपद पंचायत सभापति श्रीमती आशा गोवर्धन रजक द्वारा संत गाडगे बाबा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि संतोष रजक (मालिक बाबा) सहित लल्लू लाल रजक, गुड्डू रजक, शीला रजक, आनंद रजक, शशि रजक, ममता रजक, अनीता रजक, लक्ष्मी रजक, छोटी रजक एवं द्रोप्ती रजक ने संत गाडगे बाबा के जीवन एवं उनके सामाजिक सुधार कार्यों पर प्रकाश डाला।

वक्ताओं ने कहा कि संत गाडगे बाबा ने अपने जीवन में स्वच्छता, शिक्षा, समानता एवं अंधविश्वास उन्मूलन के लिए आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने समाज को स्वावलंबन और सेवा का संदेश दिया, जो आज भी प्रासंगिक है।
जयंती समारोह के अंतर्गत ग्राम में स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा उपस्थित नागरिकों को स्वच्छ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई गई। छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनके माध्यम से संत के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर संत रविदास महिला मंडल पिपरिया परोहा द्वारा भजन-कीर्तन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम के अंत में गोवर्धन रजक ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। सामाजिक समरसता के प्रतीक स्वरूप प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
युवा सवेरा समिति
ग्राम पिपरिया परोहा, तहसील रीठी, जिला कटनी (म.प्र.)
(दर्पण 24 न्यूज के लिए विशेष रिपोर्ट)
