कटनी। जिले की कैमोर तहसील के प्रतिष्ठित व्यापारी, उद्योगपति, समाजसेवी एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता इंजीनियर नवाब खान की पुत्री शनिजा अफरोज खान ने CBSE बोर्ड की 10वीं परीक्षा में 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट सफलता हासिल की है। भोपाल स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल की छात्रा शनिजा ने अपनी प्रतिभा के दम पर प्रदेश की टॉप-टेन सूची में स्थान बनाते हुए न केवल अपने विद्यालय, बल्कि अपने गृहक्षेत्र कैमोर, जिला कटनी और पूरे मध्यप्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है।
शनिजा की इस उपलब्धि से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। समाज के विभिन्न वर्गों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों द्वारा परिवार को लगातार बधाइयाँ एवं शुभकामनाएँ दी जा रही हैं।
गौरतलब है कि इंजीनियर नवाब खान वर्तमान में भोपाल में निवासरत हैं और सामाजिक व राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनकी बड़ी पुत्री एमबीबीएस प्रथम वर्ष की छात्रा है, जबकि पुत्र नायाब कक्षा 9वीं में अध्ययनरत है और राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में विद्यालय का प्रतिनिधित्व कर चुका है।
शनिजा की माता श्रीमती शबीना अफरोज स्वयं इलेक्ट्रिकल इंजीनियर हैं, लेकिन उन्होंने गृहिणी के रूप में बच्चों की शिक्षा और संस्कारों को प्राथमिकता देते हुए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इस उपलब्धि पर इंजीनियर नवाब खान ने सभी शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
