कटनी में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय एनकेजे का शानदार प्रदर्शन, 99% रहा रिजल्ट

कटनी। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा घोषित कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय एनकेजे, कटनी के विद्यार्थियों ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और जिले का नाम गौरवान्वित किया है। इस वर्ष विद्यालय का कुल परीक्षा परिणाम 99 प्रतिशत रहा, जो न केवल संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता को दर्शाता है बल्कि विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के समर्पण का भी प्रमाण है।
विद्यालय के प्राचार्य श्री पंकज कुमार जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि सत्र 2025-26 में कुल 100 विद्यार्थियों ने कक्षा 10वीं की परीक्षा में भाग लिया था, जिनमें से 99 विद्यार्थी सफल घोषित हुए। यह परिणाम विद्यालय की निरंतर उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा को आगे बढ़ाने वाला है।
मेधावी विद्यार्थियों ने बढ़ाया गौरव
इस वर्ष भी कई विद्यार्थियों ने शानदार अंक प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया। छात्रा सालेहा ने 99.2 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं दीपा भारती ने 96.8 प्रतिशत के साथ द्वितीय और अविशा चौधरी ने 96.4 प्रतिशत अंक के साथ तृतीय स्थान हासिल किया।
इसके अलावा ध्रुवप्रताप प्रजापति (95%), आदित्य कुमार सोनी (94.4%), प्रिया रंजन (93.6%), आदित्य परोहा (93.2%), सुरभि मौर्य (93.2%), शुभम कुमार (92.8%) ने भी उत्कृष्ट अंक प्राप्त किए। वहीं आकृति सिन्हा, अंश यादव और कृतिका विश्वकर्मा ने 92.4 प्रतिशत तथा प्रतिज्ञा केवट ने 91.4 प्रतिशत अंक अर्जित कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
अंक प्रतिशत के आधार पर प्रदर्शन
विद्यालय के कुल परिणाम में 16 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जो उत्कृष्ट श्रेणी में आते हैं। इसके अतिरिक्त 36 विद्यार्थियों ने 75 प्रतिशत से अधिक, 37 विद्यार्थियों ने 60 प्रतिशत से अधिक तथा 10 विद्यार्थियों ने 50 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर सफलता हासिल की।
मेहनत और मार्गदर्शन का परिणाम
प्राचार्य श्री जैन ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का संयुक्त परिणाम है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय परिवार में इस शानदार परिणाम को लेकर उत्साह का माहौल है और यह उपलब्धि आने वाले वर्षों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *