नगर निगम कटनी में 27 फरवरी को कर्मचारी समस्या निवारण शिविर, निगमायुक्त तपस्या परिहार करेंगी सुनवाई

कटनी। नगर के प्रशासनिक कार्यों को अधिक सुचारू बनाने और कर्मचारी हितों के प्रति संवेदनशील पहल करते हुए तपस्या परिहार (निगमायुक्त) द्वारा कर्मचारियों एवं पेंशनरों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए शुरू किया गया विशेष अभियान जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार 27 फरवरी 2026 को नगर निगम कटनी के एमआईसी सभाकक्ष में कर्मचारी समस्या निवारण शिविर आयोजित किया जाएगा।

शिविर में निगमायुक्त स्वयं उपस्थित रहकर कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं पेंशनर्स की समस्याओं और शिकायतों की सुनवाई करेंगी। यह पहल नव वर्ष की शुरुआत से 2 जनवरी 2026 से नियमित रूप से संचालित की जा रही है, जिसका उद्देश्य लंबित प्रकरणों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना है।

उपयुक्त शैलेश गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि 27 फरवरी को प्रातः 11 बजे से आयोजित शिविर में सेवा संबंधी प्रकरण, वेतन, पेंशन, जीपीएफ, अवकाश, मेडिकल प्रतिपूर्ति सहित अन्य लंबित मामलों में प्राथमिकता से सुनवाई कर निराकरण किया जाएगा।

निगमायुक्त ने शिविर के प्रभावी एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समयपूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों व पेंशनरों को एक ही स्थान पर सुविधाजनक समाधान उपलब्ध कराना है, जिससे अनावश्यक विलंब और कार्यालयीन प्रक्रियाओं की जटिलता कम हो सके।

निगम प्रशासन ने सभी कर्मचारियों एवं पेंशनरों से अपील की है कि वे अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर शिविर का लाभ उठाएं। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

(कटनी से राजकुमारी मिश्रा की रिपोर्ट, दर्पण 24 न्यूज़)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *