देवगांव में सेक्टर स्तरीय ‘ग्रामोदय से अभ्युदय मध्य प्रदेश’ कार्यक्रम संपन्न

देवगांव (रीठी)।मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा चयनित नवांकुर संस्था भारती जन कल्याण समिति, बिलहरी के तत्वावधान में सेक्टर स्तरीय ‘ग्रामोदय से अभ्युदय मध्य प्रदेश’ कार्यक्रम का आयोजन ग्राम पंचायत भवन देवगांव में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्रामीणों तक पहुँचाना एवं जनभागीदारी को सशक्त बनाना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री अक्षय कुमार राय एवं श्री बलराम यादव (पूर्व मंडल अध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी) उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में जिला समन्वयक डॉ. तेज सिंह केशवाल, ब्लॉक समन्वयक श्री जगन सिंह मसराम तथा ग्राम पंचायत सचिव श्री महेश कुमार चक्रवर्ती शामिल रहे।

मुख्य अतिथि श्री बलराम यादव ने अपने संबोधन में कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए, इसके लिए जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और समाज के बीच समन्वय आवश्यक है। उन्होंने जनभागीदारी को विकास की सबसे मजबूत कड़ी बताया।

ग्राम पंचायत सचिव श्री महेश कुमार चक्रवर्ती ने पंचायत स्तर पर संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए उनके उद्देश्य एवं क्रियान्वयन प्रक्रिया पर प्रकाश डाला। वहीं जिला समन्वयक डॉ. तेज सिंह केशवाल ने ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, आत्मनिर्भरता एवं खेती को लाभकारी बनाने के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी।

ब्लॉक समन्वयक श्री जगन सिंह मसराम ने प्रस्फुटन समितियों की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि निरंतर जमीनी कार्य से ही ग्राम विकास को नई दिशा दी जा सकती है।

नवांकुर संस्था की अध्यक्ष श्रीमती सीता सोनी ने सामाजिक संस्कृति, सामुदायिक सहयोग एवं सामाजिक मूल्यों के संरक्षण पर अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम का कुशल संचालन नवांकुर संस्था संरचना समाज कल्याण समिति, सेक्टर रीठी के प्रभारी श्री उमेश त्रिपाठी द्वारा किया गया। उन्होंने पशुपालन, दुग्ध उत्पादन एवं जैविक खेती को ग्रामीण अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार बताते हुए इन क्षेत्रों में नवाचार अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में नवांकुर संस्था सेक्टर प्रभारी देवगांव सुश्री दीक्षा सोनी, प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष श्रीमती निर्मला श्रीवास्तव, कृष्णा लखेरा, खुशबू कोरी, निधि बरमन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, सामाजिक कार्यकर्ता एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन ने ग्राम स्तर पर विकास, जागरूकता और सहभागिता को नई दिशा प्रदान की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *