अवैध उत्खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: पोकलेन मशीन जब्त, दोषियों पर मामला दर्ज

कटनी। जिले में अवैध उत्खनन के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत प्रशासन ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए विजयराघवगढ़ तहसील के ग्राम खिरवा में अवैध खनन में संलिप्त एक पोकलेन मशीन को जब्त कर लिया है। यह कार्रवाई कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर खनिज विभाग एवं संयुक्त टास्क फोर्स द्वारा की गई, जिससे अवैध खनन में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
उपसंचालक खनिज रत्नेश दीक्षित ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम खिरवा में स्थित एक पुरानी चूना खदान, जिसकी वैध अवधि समाप्त हो चुकी थी, में बिना किसी अनुमति के पत्थर और मलबे का उत्खनन किया जा रहा था। शिकायत मिलने पर खनिज विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसमें पाया गया कि चेन माउंटेन (पोकलेन) मशीन निर्धारित खदान क्षेत्र से बाहर जाकर अवैध खनन कार्य में लगी हुई थी।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मशीन को मौके पर ही रंगे हाथों पकड़ लिया और जब्त कर लिया। इस दौरान संबंधित निजी भूमि स्वामी एवं मशीन मालिक के बयान भी दर्ज किए गए हैं। प्रशासन द्वारा इनके खिलाफ खनिज नियमों के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
यह कार्रवाई सहायक खनिज अधिकारी पवन कुशवाहा एवं खनिज निरीक्षक कमलकांत परस्ते के नेतृत्व में खनिज विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। जब्त की गई पोकलेन मशीन को कैमोर थाने की अभिरक्षा में सुरक्षित रखा गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस तरह की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
गौरतलब है कि इस कार्रवाई में स्थानीय ग्रामीणों का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा, जिनकी सतर्कता और सूचना के आधार पर यह कार्रवाई संभव हो सकी। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अवैध खनन की जानकारी तत्काल संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
जिले में अवैध उत्खनन के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों पर सख्त शिकंजा कसा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *