देश में 60 दिनों का कच्चा तेल सुरक्षित, एलपीजी सप्लाई भी मजबूत — पेट्रोलियम मंत्रालय

नई दिल्ली। देश में तेल संकट को लेकर उठ रही आशंकाओं के बीच पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय (MoPNG) ने स्थिति स्पष्ट करते हुए भरोसा दिलाया है कि भारत के पास पर्याप्त कच्चे तेल (Crude Oil) का भंडार मौजूद है। मंत्रालय के अनुसार, सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने आगामी 60 दिनों की जरूरत के लिए क्रूड ऑयल की आपूर्ति सुनिश्चित कर ली है, जिससे फिलहाल किसी प्रकार की कमी की आशंका नहीं है।
मंत्रालय ने यह भी जानकारी दी कि रसोई गैस (LPG) की सप्लाई को लेकर भी मजबूत तैयारियां की गई हैं। देश में 800 हजार मीट्रिक टन (TMT) एलपीजी के इनबाउंड कार्गो पहले से सुनिश्चित किए गए हैं, जो विभिन्न देशों से लगातार भारत पहुंच रहे हैं।
बताया गया है कि ये एलपीजी कार्गो अमेरिका, रूस, ऑस्ट्रेलिया सहित अन्य देशों से आयात किए जा रहे हैं। इसके अलावा, भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त एलपीजी खरीद की प्रक्रिया भी लगातार जारी है, ताकि घरेलू उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की अग्रिम तैयारी से देश की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होती है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव का असर आम जनता पर कम पड़ता है।
मंत्रालय के इस बयान के बाद यह साफ हो गया है कि फिलहाल भारत में तेल और गैस की उपलब्धता को लेकर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *