जल गंगा मिशन के तहत स्वच्छता अभियान,नवरात्रि पर ग्राम पोड़ी में युवाओं ने किया श्रमदान, तालाब घाट की सफाई के साथ दिया जागरूकता संदेश

दर्पण 24 न्यूज | रीठी (कटनी)
रीठी विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पोड़ी में पावन नवरात्रि पर्व के अवसर पर सराहनीय सामाजिक पहल देखने को मिली। जल गंगा मिशन के तहत जन अभियान परिषद की ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति एवं युवा मंडल के सदस्यों ने मिलकर तालाब घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया और श्रमदान कर क्षेत्र को स्वच्छ बनाया।


ग्राम पोड़ी स्थित ज्वारे विसर्जन स्थल के रूप में उपयोग होने वाला तालाब लंबे समय से गंदगी से प्रभावित था, जिससे श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए समिति के पदाधिकारियों एवं युवाओं ने स्वयं आगे आकर तालाब घाट की सफाई की और पूरे परिसर को स्वच्छ बनाने का कार्य किया।
अभियान के दौरान युवाओं ने केवल सफाई तक ही सीमित न रहते हुए जागरूकता का संदेश भी दिया। तालाब परिसर की दीवारों पर पेंटिंग के माध्यम से “तालाब में गंदगी ना करें” एवं “जल है तो कल है” जैसे संदेश लिखे गए, जिससे ग्रामीणों में स्वच्छता और जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ सके।


इस कार्यक्रम में विशेष रूप से प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष, सचिव एवं सदस्यों के साथ मेरा युवा भारत के युवा लीडर राघवेंद्र यादव के नेतृत्व में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सामूहिक प्रयास न केवल गांव को स्वच्छ बनाते हैं, बल्कि समाज में जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना भी विकसित करते हैं।
— संवाददाता, दर्पण 24 न्यूज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *