कटनी। ग्राम निगहरा में अठघरा बघेल परिवार द्वारा एक भव्य एवं ऐतिहासिक पारिवारिक बैठक का आयोजन किया गया, जिसने वर्षों बाद बिखरे हुए परिवार को एक मंच पर एकत्रित कर दिया। इस विशेष आयोजन की मेजबानी निगहरा के बघेल परिवार द्वारा की गई, जिसमें विभिन्न गांवों से आए परिवार के वरिष्ठजन, युवा एवं महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल हुए।
बैठक का शुभारंभ परिवार के वरिष्ठ एवं सम्मानित सदस्य श्री लाल बृज बिहारी सिंह बघेल (दाऊ साहब, पथरहटा) के उद्बोधन से हुआ। उन्होंने अठघरा बघेल परिवार के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए एकजुटता और परंपराओं को बनाए रखने का संदेश दिया।
इस अवसर पर लाल रमेश प्रताप सिंह (कक्कू जी), संजीव सिंह बघेल, वीरभान सिंह, विजय सिंह, भूपेंद्र सिंह, यादवेंद्र सिंह एवं अभिनय प्रताप सिंह ने भी अपने विचार रखे। सभी वक्ताओं ने सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने, पारिवारिक समन्वय बढ़ाने और धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान शिवलोचन सिंह बघेल (बरहटा) की सुपुत्री की उपलब्धि पर पूरे परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी। साथ ही अठघरा बघेल परिवार की ओर से बिटिया की शिक्षा में हर संभव सहयोग का संकल्प लिया गया।
नवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर सभी सदस्यों ने कंकाली माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा वीर बजरंग बली के दर्शन किए। इसके पश्चात श्रीराम कथा का श्रवण भी श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया गया।
बैठक में शिक्षा, सामाजिक सहयोग, आपसी भाईचारा एवं नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा हुई। सभी सदस्यों ने समाज की उन्नति और एकता को बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।
अंत में यह निर्णय लिया गया कि अठघरा बघेल परिवार आपसी संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास करेगा। बैठक के उपरांत सभी उपस्थितजनों ने सामूहिक रूप से प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम का संचालन शैलेन्द्र सिंह बघेल ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन बृजेंद्र सिंह बघेल (निगहरा) द्वारा किया गया।
