जल गंगा संवर्धन अभियान : मड़ई में जनजागरण की अनूठी पहल, कलश यात्रा व रैली से गूंजा गांव

 दर्पण 24 न्यूज़ //उमेश त्रिपाठी, सह संपादक

कटनी (रीठी)। दिनांक 23 मार्च 2026 को मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद् के मार्गदर्शन में विकासखंड कटनी के सेक्टर कन्हवारा क्रमांक 03 अंतर्गत प्रस्तावित आदर्श ग्राम मड़ई में जल गंगा संवर्धन अभियान के प्रथम चरण के तहत व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम ने ग्रामवासियों में जल संरक्षण के प्रति नई चेतना और जिम्मेदारी का संचार किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक समन्वयक बालमुकुंद मिश्रा एवं विशिष्ट अतिथि परामर्शदाता रामानुज पांडे की गरिमामयी उपस्थिति में कलश यात्रा, देवी गीत (भजन) एवं जागरूकता रैली का भव्य आयोजन किया गया। कलश यात्रा ग्राम पंचायत भवन मड़ई से प्रारंभ होकर आस्था के केंद्र खेर माई मंदिर तक पहुंची, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर कलश धारण कर शामिल हुईं। पूरे मार्ग में “जल है तो कल है” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा।

इस अवसर पर वक्ताओं ने जल संकट की गंभीरता को रेखांकित करते हुए कहा कि जल स्रोतों का संरक्षण केवल शासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने वर्षा जल संचयन, तालाबों के संरक्षण एवं जल के समुचित उपयोग पर विशेष जोर दिया।

कार्यक्रम में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति मड़ई के अध्यक्ष राजकुमार त्रिपाठी एवं सचिव विकास गौतम के साथ संस्था समूह के पदाधिकारी रविकांत राय, कार्यक्रम अधिकारी शिवकुमार चौधरी, माया गुप्ता, रूपा बर्मन, राजेश कुमार चौधरी, सेक्टर प्रभारी गणपत कोल एवं माया निषाद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी एवं उत्साह ने कार्यक्रम को विशेष रूप से सफल बनाया। इस दौरान जल संरक्षण को लेकर लोगों ने संकल्प भी लिया कि वे अपने गांव में जल स्रोतों की रक्षा एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास करेंगे।

यह आयोजन न केवल एक कार्यक्रम रहा, बल्कि गांव में पर्यावरण संरक्षण एवं सामुदायिक भागीदारी की मिसाल बनकर उभरा। “जल गंगा संवर्धन अभियान” के माध्यम से मड़ई ग्राम ने यह संदेश दिया कि सामूहिक प्रयासों से ही जल संकट जैसी गंभीर समस्या का समाधान संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *