कटनी/दुनिया डेस्क | दर्पण 24 न्यूज
खाड़ी देशों में रोज़गार की चमचमाती उम्मीदें लेकर गए भारतीयों की कहानी अब धीरे-धीरे “रियलिटी शो” में बदलती जा रही है—जहां अंत में ट्रॉफी नहीं, टिकट मिलता है… वो भी कभी-कभी लकड़ी के बॉक्स में!
ताज़ा खबर के मुताबिक 6 भारतीयों की मौत हो गई है, जबकि बाकी फंसे हुए लोगों को “महज” 3 लाख रुपए में वतन वापसी का ऑफर दिया जा रहा है। यानी विदेश जाने का सपना EMI पर और वापस आने का खर्चा भी खुद के जिम्मे—पूरा “आत्मनिर्भर” पैकेज!
सरकार की तरफ से बताया गया है कि विदेश मंत्रालय (MEA) इस पूरे मामले पर “पैनी नजर” बनाए हुए है। अब ये नजर कितनी पैनी है, इसका अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि लोगों को पहले फंसने दिया गया, फिर धीरे-धीरे देखा जा रहा है… कहीं जल्दी देख लिया तो जिम्मेदारी न आ जाए!
सूत्रों के मुताबिक कुछ फंसे मजदूरों ने बताया—
“साहब, यहां काम कम, कर्ज ज्यादा और उम्मीद तो बिल्कुल ही जीरो हो गई है।” लेकिन चिंता मत कीजिए, मंत्रालय की नजर इतनी तेज है कि ये सब बयान सीधे फाइल में जाकर ‘नोटेड’ हो जाते हैं।
इधर दलालों का नेटवर्क भी पूरी ईमानदारी से काम कर रहा है। पहले “सुनहरे सपने” दिखाए, फिर टिकट कटवाया और अब फोन तक उठाना बंद—देश की स्टार्टअप स्पिरिट का बेहतरीन उदाहरण!
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यही रफ्तार रही, तो जल्द ही “विदेश जाने से पहले वापसी पैकेज बुक करें” जैसी नई स्कीम लॉन्च हो सकती है।
फिलहाल सच्चाई यही है:
खाड़ी में पसीना बहाने गए मजदूर अब सिस्टम में ही फंस गए हैं
वापसी महंगी, जिंदगी सस्ती और जिम्मेदारी ‘नजर’ पर टिकी है
दर्पण 24 न्यूज का सवाल: क्या “पैनी नजर” से आगे बढ़कर कभी “तेज कार्रवाई” भी देखने को मिलेगी… या फिर अगली खबर में आंकड़ा सिर्फ 6 से बढ़कर 10 हो जाएगा?
