ATM से निकलेंगे 10, 20 और 50 रुपये के नोट! सरकार का बड़ा अपडेट, जनता बोली – अब मशीन भी पूछेगी “और कुछ छुट्टा चाहिए

देश में जहां आम आदमी हर दुकान पर “भैया छुट्टा नहीं है” सुन-सुनकर मानसिक रूप से मजबूत हो चुका है, वहीं अब सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। खबर है कि जल्द ही एटीएम मशीनों से 10, 20 और 50 रुपये के नोट भी निकलेंगे।
इस फैसले के बाद देशभर में खुशी की लहर है, खासकर उन लोगों में जो अब तक 500 का नोट देकर 12 रुपये का सामान खरीदने के बाद दुकानदार की घूरती नजरों का सामना करते थे।
सूत्रों के अनुसार अब एटीएम मशीनें भी पूरी तरह “भारतीय संस्कृति” के अनुरूप बनने जा रही हैं। पहले जहां मशीन से 500 या 2000 का नोट निकलता था, वहीं अब एक-एक करके 10-10 रुपये के नोटों की बारिश होगी। माना जा रहा है कि 1000 रुपये निकालने पर मशीन कम से कम 2 मिनट तक खट-खट करती रहेगी और बाहर नोटों का छोटा सा पहाड़ बन जाएगा।
बैंक अधिकारियों का कहना है कि इससे जनता को काफी सुविधा होगी। अब लोग एटीएम से सीधे सब्जी, ऑटो, चाय-समोसा और मंदिर के दानपात्र तक का इंतजाम कर पाएंगे।
हालांकि कुछ लोगों ने चिंता भी जताई है। एक नागरिक ने कहा, “अगर 2000 रुपये निकालने पर 10-10 के नोट मिल गए तो घर पहुंचते-पहुंचते मैं कैशियर जैसा महसूस करने लगूंगा।”
इधर चाय-पान की दुकानों पर इस खबर के बाद हलचल तेज हो गई है। कई दुकानदारों ने कहा कि अब उनका सबसे बड़ा बहाना “छुट्टा नहीं है” भी खतरे में पड़ सकता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यह योजना सफल रही तो भविष्य में एटीएम से 5 रुपये के सिक्के और 2 रुपये की टॉफी भी निकल सकती है, ताकि ग्राहक को पूरा “खुल्ला अनुभव” मिल सके।
फिलहाल जनता एटीएम के बाहर लाइन लगाने के लिए तैयार है, बस डर यही है कि कहीं मशीन भी आखिर में वही न कह दे —
“भाई साहब, छुट्टा खत्म हो गया, कल आना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *