कटनी (रीठी)। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्था युवा सवेरा समिति के तत्वावधान में ग्राम पंचायत पिपरिया परोहा के पंचायत भवन में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति एवं नवांकुर सखियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आदर्श ग्राम पंचायत की परिकल्पना को साकार करना तथा ग्राम स्तरीय समितियों की क्षमता वृद्धि करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अजय “पप्पू” मिश्रा एवं विशिष्ट अतिथि ग्राम पंचायत सरपंच श्रीमती शकुन बाई कोल उपस्थित रहीं। माल्यार्पण के बाद प्रेरणा गीत के साथ प्रशिक्षण सत्र की शुरुआत की गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रस्फुटन शक्ति संचयन अभियान के अंतर्गत ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों की क्षमता वृद्धि, ग्राम के समग्र विकास, स्वैच्छिक विकास गतिविधियों, सामाजिक संगठनों को सशक्त बनाने, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्त ग्राम और सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त ग्राम बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में विषय विशेषज्ञ गोवर्धन रजक ने प्रतिभागियों को आदर्श ग्राम की परिकल्पना, ग्राम विकास के सतत आयाम, समितियों के दस्तावेजीकरण, एमआईएस फीडिंग, सूचना बोर्ड निर्माण, कार्यालय निर्माण तथा जनभागीदारी की भूमिका पर विस्तृत जानकारी दी। साथ ही अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पखवाड़े के तहत पंजीकृत नवांकुर सखियों को नर्सरी रोपण एवं पौध उत्पादन से जुड़ी जानकारी भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के समापन पर मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक डॉ. तेज सिंह केसवाल ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण उपरांत प्रमाण पत्र वितरित किए और ग्राम विकास की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रेरित किया। वहीं ब्लॉक समन्वयक जगन सिंह मसराम ने सभी उपस्थित लोगों को आदर्श ग्राम निर्माण का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम में ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के अध्यक्ष, सचिव एवं सदस्य सहित पूर्व जनपद सभापति आशा गोवर्धन रजक, पूर्व जनपद सदस्य कौशल किशोर बर्मन, ग्राम पंचायत सचिव प्रकाश चौधरी, सहायक सचिव अमर बहादुर यादव, मैकू लाल चक्रवर्ती, रामदयाल लखेरा, लल्लू लाल, रामकुमार कोल, नवांकुर सखियां एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अंत में नवांकुर संस्था युवा सवेरा समिति की ओर से गोवर्धन रजक ने सभी अतिथियों व प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए ग्राम विकास के लिए सामूहिक प्रयासों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
रीठी में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति व नवांकुर सखियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
