कटनी। जिले में भूकंप जैसी आपदाओं से प्रभावी तरीके से निपटने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष पहल की जा रही है। आपदा प्रबंधन संस्थान भोपाल के सहयोग से जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के नेतृत्व में 9 मार्च से 13 मार्च तक पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस प्रशिक्षण में ‘भूकंप आपदा जोखिम प्रबंधन’ और ‘ध्वस्त संरचना में खोज एवं बचाव’ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा।
कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
जारी आदेश के अनुसार सोमवार 9 मार्च को 10 शासकीय विद्यालयों के प्राचार्य, 5 महाविद्यालयों के प्रोफेसर, 10 निजी विद्यालयों के प्रतिनिधि, 5 पुलिस विभाग के प्रतिनिधि, 5 अस्पतालों के प्रतिनिधि तथा 15 ग्रामीण एवं शहरी स्थानीय निकायों के अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक भूकंप आपदा जोखिम प्रबंधन तथा शाम 5 बजे से 6 बजे तक ध्वस्त संरचना में खोज एवं बचाव विषय पर प्रशिक्षण होगा।
मंगलवार 10 मार्च को जिले की सभी जनपद पंचायतों के 25 सचिव और पटवारियों को इसी विषय पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
बुधवार 11 मार्च को सभी अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार और नायब तहसीलदार प्रशिक्षण में भाग लेंगे।
गुरुवार 12 मार्च को वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और बीटगार्ड को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
वहीं शुक्रवार 13 मार्च को 10 सेवानिवृत्त सैनिक, 10 राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवक, 10 नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवक, 10 होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा के सदस्य, 10 रेड क्रॉस, राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) और विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशासन का कहना है कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य भूकंप जैसी आपदाओं के समय त्वरित और प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करना तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को मजबूत बनाना है।
