कटनी। रंगों के पावन पर्व होली के अवसर पर कटनी में एक अनोखा और भावनात्मक रंगोत्सव देखने को मिला। जिले के कलेक्टर आशीष तिवारी ने आसरा बाल गृह के बच्चों के साथ कलेक्टर निवास पर जमकर होली खेली। इस दौरान कलेक्टर बच्चों के साथ खुद भी बच्चे बन गए और रंग-गुलाल के बीच करीब तीन घंटे तक उत्साहपूर्वक होली का आनंद लिया।

कलेक्टर के आमंत्रण पर पहुंचे आसरा बाल गृह के बच्चों की नटखट टोली ने पिचकारियों से रंग बरसाए और गुलाल उड़ाकर माहौल को पूरी तरह रंगमय बना दिया। बच्चों ने कलेक्टर को भी रंगों से सराबोर कर दिया, वहीं कलेक्टर ने भी बच्चों के साथ हंसी-मजाक और खेल-खेल में त्योहार की खुशियां साझा कीं।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए खास तौर पर पारंपरिक और चटपटे व्यंजनों की व्यवस्था की गई थी। बच्चों ने गुझिया, जलेबी, खस्ता, कचौड़ी, आलू टिकिया-मटर चाट, पानी पूरी और आइसक्रीम सहित कई स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया।

इस अवसर पर जिले के कई प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। इनमें पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, एसडीएम कटनी प्रमोद चतुर्वेदी, एसडीएम बहोरीबंद राकेश चौरसिया, विजयराघवगढ़ एसडीएम विवेक गुप्ता, संयुक्त कलेक्टर जितेन्द्र पटेल, डिप्टी कलेक्टर प्रदीप मिश्रा और तहसीलदार अजीत तिवारी सहित कई अधिकारी शामिल हुए।
अधिकारियों ने भी बच्चों के साथ रंग-गुलाल खेलकर त्योहार की खुशियों में भागीदारी की। बच्चों की मासूम मुस्कान और उत्साह ने पूरे माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया।
कलेक्टर के साथ होली खेलकर बच्चे बेहद खुश नजर आए। बच्चों की यही खुशी इस रंगोत्सव की सबसे बड़ी खासियत बन गई और पूरे कार्यक्रम का उत्साह दोगुना कर दिया।
