कटनी जिले के रीठी ब्लॉक में इन दिनों युवा जागरण की नई लहर देखने को मिल रही है। ‘माय युवा भारत’ अभियान के तहत गांव-गांव युवा मंडलों का गठन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य युवाओं को एक संगठित मंच प्रदान करना है ताकि वे समाज सेवा, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों, नेतृत्व विकास और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी से सीधे जुड़ सकें।

इस अभियान का नेतृत्व युवा लीडर राघवेंद्र यादव कर रहे हैं। उनके साथ सक्रिय वॉलिंटियर्स की टीम में साहिल साहू, मोहित चौधरी, अभिषेक आदिवासी और रितिक यादव शामिल हैं, जो लगातार गांव-गांव जाकर युवाओं को संगठित कर रहे हैं और मंडलों का निर्माण कर रहे हैं।

इन गांवों में हुआ युवा मंडलों का गठन
अब तक ग्राम बिरूहरी, थनौरा, इमलाज, कुमरहवारा और घुड़हरी में युवा मंडलों का गठन किया जा चुका है। प्रत्येक मंडल में युवाओं और युवतियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। मंडल संरचना के तहत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष एवं सदस्य पदों पर जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं।

युवाओं को मिल रहा नेतृत्व का अवसर
‘माय युवा भारत’ का उद्देश्य केवल संगठन बनाना नहीं, बल्कि गांव स्तर पर नेतृत्व तैयार करना है। इसके माध्यम से युवाओं को समाज के प्रति जिम्मेदारी का बोध कराया जा रहा है। खेल प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, जनजागरूकता अभियान और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने जैसे कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है।

युवा लीडर राघवेंद्र यादव ने बताया कि यह अभियान युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और उन्हें आत्मनिर्भर एवं जागरूक बनाने की पहल है। आने वाले समय में रीठी ब्लॉक के प्रत्येक गांव में युवा मंडल का गठन करने का लक्ष्य रखा गया है।
आपके गांव में भी पहुंचेगी टीम

अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं ने अपील की है कि आपके गांव में भी किसी भी दिन टीम पहुंच सकती है। ऐसे में अधिक से अधिक युवा इस अभियान से जुड़ें और अपने गांव के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।
रीठी ब्लॉक में चल रहा यह अभियान न केवल युवाओं को एक मंच दे रहा है, बल्कि गांवों में नई ऊर्जा और सामाजिक जागरूकता का संदेश भी फैला रहा है।
दर्पण 24 न्यूज़ युवाओं की इस सकारात्मक पहल का स्वागत करता है और उम्मीद करता है कि यह अभियान आने वाले समय में और व्यापक रूप लेगा।
