ग्राम पटोरी में सुधरे बिगड़े हैंडपंप, 8 हैंडपंपों से सुचारू पेयजल व्यवस्था

कटनी जिले के बहोरीबंद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पटोरी में पेयजल संकट को लेकर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्रामीणों को बड़ी राहत दी है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश के बाद खराब पड़े हैंडपंपों की मरम्मत कर उन्हें दोबारा चालू कर दिया गया है। अब गांव में 8 हैंडपंपों के माध्यम से नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित हो रही है।


औचक निरीक्षण में सामने आई समस्या
गौरतलब है कि विकास कार्यों और जनहितैषी योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री तिवारी ने बीते गुरुवार को बहोरीबंद क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इसी दौरान ग्राम पटोरी के ग्रामीणों ने पेयजल संकट की गंभीर समस्या से अवगत कराया। मामला संज्ञान में आते ही कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को तत्काल आवश्यक सुधार कार्य करने के निर्देश दिए।
 हैंडपंप संधारण टीम ने संभाला मोर्चा
निर्देश मिलते ही विभाग की संधारण टीम गांव पहुंची और तकनीकी खराबी वाले हैंडपंपों को दुरुस्त कर पुनः चालू किया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री पवनसुत गुप्ता ने बताया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम पटोरी में 121.56 लाख रुपये की लागत से नल-जल योजना स्वीकृत की गई थी।
नल-जल योजना की प्रमुख उपलब्धियां
योजना के तहत निम्न कार्य पूर्ण किए गए थे—
एक सफल नलकूप खनन
7.5 एचपी मोटर पंप स्थापना
दो विद्युत कनेक्शन
9459 मीटर पाइपलाइन विस्तार
316 घरेलू नल कनेक्शन
75 किलोलीटर क्षमता की उच्च स्तरीय टंकी
20 किलोलीटर क्षमता का संपवेल निर्माण
तीन माह के सफल ट्रायल रन के बाद 20 अक्टूबर 2025 को योजना ग्राम पंचायत को हस्तांतरित कर दी गई थी।
जल आवक क्षमता कम, फिर भी समाधान
हालांकि स्रोत की जल आवक क्षमता कम होने से नल-जल योजना प्रभावित हुई थी। इसके समाधान के लिए नवीन नलकूप खनन की तकनीकी स्वीकृति पहले ही दी जा चुकी थी। जिन नलकूपों में तकनीकी खराबी आई थी, उन्हें अब पूरी तरह दुरुस्त कर दिया गया है।

ग्रामीणों ने जताया आभार
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से ग्राम पटोरी में पेयजल संकट का प्रभावी समाधान हुआ है। ग्रामीणों ने राहत की सांस लेते हुए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।
दर्पण 24 न्यूज जनता से जुड़े हर मुद्दे पर आपकी आवाज बनकर लगातार अपडेट देता रहेगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *