कटनी | दर्पण 24 न्यूज
जिले की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर और जानलेवा बीमारी से सुरक्षित रखने के लिए 28 फरवरी से विशेष एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान की शुरुआत की जा रही है। यह अभियान कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देशानुसार जिलेभर में संचालित होगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राज सिंह ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण एचपीवी वायरस है। समय पर एचपीवी वैक्सीन की एक डोज लगवाने से इस गंभीर बीमारी से प्रभावी सुरक्षा मिलती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह वैक्सीन पूर्णतः सुरक्षित, प्रभावी और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है।
9 से 15 वर्ष की बालिकाएं होंगी लाभान्वित
अभियान के अंतर्गत 9 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को टीका लगाया जाएगा। जिले के सभी शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों, जिला चिकित्सालय, सिविल अस्पताल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में टीकाकरण की समुचित व्यवस्था की गई है।
पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण
अभिभावक अपने बच्चों का पंजीकरण भारत सरकार के यू-विन सेल्फ रजिस्ट्रेशन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन कर सकते हैं, जिससे टीकाकरण प्रक्रिया और अधिक सरल और सुव्यवस्थित होगी।
इन केंद्रों पर लगेंगे विशेष शिविर
28 फरवरी को जिला अस्पताल कटनी सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उमरियापान, बरही, बड़वारा, पहाड़ी, रीठी, बहोरीबंद तथा सिविल अस्पताल विजयराघवगढ़ में विशेष एचपीवी टीकाकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे।
भ्रांतियों से बचें, वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित
सीएमएचओ डॉ. ठाकुर ने कहा कि वैक्सीन को लेकर फैलाई जा रही भ्रांतियां पूरी तरह निराधार हैं। टीकाकरण के बाद हल्का बुखार या इंजेक्शन स्थल पर हल्का दर्द जैसे सामान्य लक्षण हो सकते हैं, जो कुछ ही समय में स्वतः ठीक हो जाते हैं। प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए टीकाकरण करेंगे।
अभियान की सफलता के लिए आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
डॉ. ठाकुर ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों के सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य के लिए इस टीकाकरण अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
दर्पण 24 न्यूज अपील करता है – जागरूक बनें, सुरक्षित रहें।
