कटनी। वित्तीय वर्ष की समाप्ति को देखते हुए नगर निगम कटनी प्रशासन द्वारा एक ओर नागरिकों को सुगम भुगतान सुविधा देने के लिए वार्डवार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, वहीं बड़े बकायादारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। सूचना देने के बावजूद बकाया कर जमा न करने वाले उपभोक्ताओं पर कार्रवाई करते हुए जल प्रदाय शाखा ने 6 उपभोक्ताओं के नल कनेक्शन विच्छेदित कर दिए हैं।

जलकर शाखा के उपयंत्री मृदुल श्रीवास्तव ने बताया कि बार-बार नोटिस देने के बावजूद जलकर राशि जमा न करने पर वार्ड क्रमांक 28 के उपभोक्ता क्रमांक 1002313775, वार्ड क्रमांक 33 के उपभोक्ता क्रमांक 1002304592, वार्ड क्रमांक 34 के तीन उपभोक्ताओं क्रमशः 1002319198, 1002306712 एवं 1002307437 तथा वार्ड क्रमांक 37 के उपभोक्ता क्रमांक 1002308384 के नल कनेक्शन काटने की कार्रवाई की गई है।
गुरुवार को लगेंगे कर वसूली शिविर
राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक के अनुसार नागरिकों की सुविधा के लिए गुरुवार 26 फरवरी को वार्ड क्रमांक 22, 23, 25 एवं 26 के लिए सुभाष चौक तथा परैनी स्थित कुठला थाना के सामने शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में नागरिक अपने बकाया कर आसानी से जमा कर सकेंगे।
नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं, समय पर कर जमा करें और नगर विकास में सहभागी बनें। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि बकाया कर जमा न करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
दर्पण 24 न्यूज़
कटनी
