
कटनी से राजकुमारी मिश्रा की रिपोर्ट
कटनी जिले में पहली बार ग्रामीण परिवेश आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। जिले में अब तक 9 होमस्टे बनकर तैयार हो चुके हैं, जबकि 10 अन्य निर्माणाधीन हैं। इस पहल के माध्यम से पर्यटक कम खर्च में गांवों की नैसर्गिक सुंदरता, पारंपरिक जीवनशैली और सांस्कृतिक विरासत का आत्मीय अनुभव कर सकेंगे।
जिले का बड़ा भू-भाग प्रसिद्ध बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान के बफर जोन से जुड़ा हुआ है। इसके अलावा बाणसागर बांध के बैक वाटर के रमणीय दृश्य, विशाल जलराशि और आसपास स्थित प्राचीन मंदिरों का भ्रमण अब पर्यटक होमस्टे में ठहरकर सहज रूप से कर सकेंगे।
जानकारी के अनुसार विकासखंड विजयराघवगढ़ और बड़वारा के ग्राम खितौली, कोनिया और जमुनिया में ये होमस्टे स्थापित किए गए हैं। होमस्टे योजना के माध्यम से जिले के ग्रामीण जीवन की सादगी, पारंपरिक खान-पान, लोक कला और समृद्ध संस्कृति को नई पहचान मिलेगी।
इस पहल से न केवल पर्यटन को गति मिलने की उम्मीद है, बल्कि स्थानीय स्तर पर टैक्सी सेवा, हस्तशिल्प, कृषि उत्पाद और अन्य गतिविधियों के जरिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
दर्पण 24 न्यूज़ के लिए यह योजना जिले में पर्यटन और रोजगार दोनों क्षेत्रों में नए आयाम स्थापित कर सकती है।
