सामाजिक सहभागिता से सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त ग्राम की पहल — बड़गांव में युवा सवेरा समिति द्वारा पी.आर.ए. गतिविधि संपन्न

मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्था युवा सवेरा समिति द्वारा सेक्टर क्रमांक 5 अंतर्गत ग्राम बड़गांव में सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त ग्राम पंचायत बनाने के उद्देश्य से सामाजिक सहभागिता आधारित पद्धति के माध्यम से पी.आर.ए. (Participatory Rural Appraisal) गतिविधि संपन्न की गई।

प्रयोगशाला ग्राम के रूप में चिन्हित पंचायत में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति एवं सीएमसीएलडीपी छात्र-छात्राओं ने क्षेत्रीय भ्रमण कर विलेज प्रोफाइल एवं फैमिली प्रोफाइल तैयार की। इस दौरान विद्यार्थियों ने घर-घर संपर्क कर ग्रामीणों से संवाद किया तथा ग्राम की प्रमुख समस्याओं — सिंगल यूज प्लास्टिक उपयोग, स्वच्छता, जल संकट निवारण, प्राकृतिक एवं गैर-प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण — पर विस्तृत अध्ययन किया।

छात्रों ने ग्रामीणों के साथ चर्चा कर समस्याओं का आकलन किया और उनके समाधान हेतु स्थानीय सुझाव एकत्रित किए। साथ ही ग्रामवासियों को प्लास्टिक त्यागने, वैकल्पिक सामग्री अपनाने और सामुदायिक श्रमदान के माध्यम से स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल ग्राम बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक डॉ. तेज सिंह केशवाल, ब्लॉक समन्वयक जगन सिंह मसराम, नवांकुर संस्था युवा सवेरा समिति से गोवर्धन रजक, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति बड़गांव से श्री कौशल किशोर बर्मन, परामर्शदाता अरुण तिवारी, शरद यादव, रूपा बर्मन, साक्षी नामदेव, सीएमसीएलडीपी छात्र गणपत, बंशिका, रोशनी, ग्राम पंचायत सहायक सचिव श्री राम चरण चौधरी, बल्लू सोनी तथा ग्राम की महिला एवं पुरुष ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता रही।

इस अवसर पर सभी उपस्थित ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से “मेरा ग्राम — स्वच्छ ग्राम, प्लास्टिक मुक्त ग्राम” का संकल्प लेते हुए ग्राम को तीर्थ समान स्वच्छ एवं आदर्श बनाने की शपथ ली।

कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सहभागिता आधारित अध्ययन से ग्राम विकास योजनाओं को नई दिशा मिलेगी तथा सामूहिक प्रयासों से स्थानीय समस्याओं का स्थायी समाधान संभव होगा।

प्रेषक : मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद, जिला कटनी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *