कटनी। मध्यप्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सामूहिक कन्यादान योजना के अंतर्गत कटनी में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में 39 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ वैवाहिक बंधन में बंध गए। पूरा आयोजन सामाजिक समरसता, सादगी और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ, जहां नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह में जनपद पंचायत कटनी के उपाध्यक्ष जगदीश उरमालिया, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अखिल पांडे, देवरी हटाई मंडल अध्यक्ष नितिन पांडे, जनपद सदस्य रुद्र बसंत द्विवेदी एवं नंदलाल दुर्गा मौसी विशेष रूप से मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने नवदंपतियों को सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।
प्रशासनिक व्यवस्था की कमान संभालते हुए एसडीएम प्रमोद चतुर्वेदी और मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रदीप सिंह सहित जनपद स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी पूरी मुस्तैदी से आयोजन में जुटे रहे। विवाह समारोह की व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित और अनुशासित रहीं, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
इस योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सम्मानजनक विवाह की सुविधा मिल रही है। शासन द्वारा दी जाने वाली आर्थिक सहायता और आवश्यक सामग्री से परिवारों को बड़ी राहत मिलती है। सामूहिक विवाह आयोजन न केवल सामाजिक समरसता को बढ़ावा देता है, बल्कि फिजूलखर्ची पर भी अंकुश लगाने का सशक्त माध्यम बन रहा है।
दर्पण 24 न्यूज नवदंपतियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है।
