
कटनी जिले के रीठी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम टहकारी में मंगलवार शाम करीब 5 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां दो बाइकों की आमने-सामने से हुई जोरदार टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही रीठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने 112 वाहन की सहायता से घायलों को तत्काल उपचार के लिए रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, हादसे में मृत दोनों व्यक्तियों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में सुरक्षित रखवाया गया है।
फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों में जानकारी जुटाने के साथ-साथ मृतकों की शिनाख्त के प्रयास कर रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा, वहीं ग्रामीणों ने सड़क पर बढ़ती दुर्घटनाओं को लेकर चिंता जताई है।
