विजयराघवगढ़ क्षेत्र की सिंचाई समस्या विधानसभा में गूंजी, विधायक संजय पाठक ने उठाया मुद्दा

कटनी। विजयराघवगढ़ क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी न मिलने की समस्या अब विधानसभा तक पहुंच गई है। कटनी से राजकुमारी मिश्रा की रिपोर्ट के अनुसार विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक ने विधानसभा में खितौली एवं जगुआ जलाशयों से निकलने वाली नहरों के माध्यम से अंतिम छोर तक पानी न पहुंचने के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष के माध्यम से संबंधित विभाग को याचिका भेजते हुए किसानों की परेशानी से अवगत कराया।

याचिका में बताया गया कि जलाशयों में सिल्ट जमा होने से जल संग्रहण क्षमता लगातार घट रही है। बांध पुराने होने के कारण कटाव और रिसाव की समस्या भी बढ़ रही है। वहीं नहरों के कच्चे होने और लंबे समय से मरम्मत न होने के कारण पानी रास्ते में ही व्यर्थ हो जाता है, जिससे अंतिम छोर के खेतों तक सिंचाई का पानी नहीं पहुंच पाता और किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

विधायक ने जलाशयों की मजबूती, गेटों की मरम्मत तथा नहरों की लाइनिंग कराने की मांग करते हुए हजारों एकड़ भूमि को सिंचित करने के लिए प्रश्न लगाया है। उनका कहना है कि इन कार्यों के पूर्ण होने से न केवल किसानों को राहत मिलेगी, बल्कि पानी की बर्बादी भी रुकेगी और जलाशयों की सुरक्षा भी मजबूत होगी।

उन्होंने याचिका में यह भी उल्लेख किया कि जलाशयों में पर्याप्त पानी होने के बावजूद नहर व्यवस्था की खराब स्थिति के कारण किसान लाभ नहीं ले पा रहे हैं। यदि नहरों का सुधार किया जाए तो रबी सहित अन्य फसलों के लिए सिंचाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है।

इस पहल से क्षेत्र के किसानों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही सिंचाई व्यवस्था में सुधार होगा और खेती को मजबूती मिलेगी।

दर्पण 24 न्यूज़
कटनी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *