दर्पण 24 न्यूज कटनी से विशेष रिपोर्ट
कटनी। जिले में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। गुरुवार को आयोजित शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने निर्माणाधीन स्कूल भवनों एवं शौचालयों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के साथ-साथ जर्जर भवन, शौचालय और बाउंड्रीवाल को तत्काल डिस्मेंटल (ध्वस्त) करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर भी उपस्थित रहीं।
बैठक के दौरान डाइट कटनी द्वारा जिले की शैक्षणिक स्थिति पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया, जिसमें अकादमिक चुनौतियों और उनके समाधान पर गंभीर चर्चा की गई। कलेक्टर के निर्देशानुसार कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए ई-शिक्षा सामग्री क्यूआर कोड के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है। इस सामग्री को विद्यालयों, अभिभावकों और विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और बीआरसी को निर्देशित किया गया। इससे विशेष रूप से शिक्षक-विहीन और स्मार्ट बोर्ड वाले स्कूलों को लाभ मिलेगा, साथ ही शिक्षक भी बेहतर पाठ्य योजना तैयार कर सकेंगे।
शिक्षकों के प्रोत्साहन हेतु डाइट कटनी एवं पीपल समूह द्वारा तैयार ‘उत्प्रेरणा बुकलेट’ का भी प्रकाशन किया गया। बैठक में शासकीय विद्यालयों में कक्षा 1, 6 और 9 में लक्ष्य अनुसार प्रवेश, शत-प्रतिशत कक्षोन्नति और एमबीयू पेंडेंसी को खत्म करने पर विशेष जोर दिया गया।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी विद्यार्थियों का आधार अपडेशन और नई आधार आईडी बनवाने का कार्य अप्रैल माह के अंत तक पूरा किया जाए। इसके लिए आधार कैंपों में अधिकतम बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही प्रत्येक माह 150 प्रतिशत से अधिक मेंटरिंग गतिविधियों को पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
जिला पंचायत सीईओ श्रीमती कौर ने सभी प्राचार्यों को ‘अपार आईडी’ एवं आधार अपडेशन तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी राजेश अग्रहरी, डीपीसी प्रेम नारायण तिवारी, डाइट प्राचार्य एमपी डुंगडुंग, एडीपीसी अभय जैन, वरिष्ठ व्याख्याता राजेन्द्र असाटी सहित सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसीसी, संकुल प्राचार्य, सहायक यंत्री, उपयंत्री एवं जिला प्रोग्रामर सुमंत ताम्रकार उपस्थित रहे।
👉 मुख्य बिंदु:
जर्जर भवन, शौचालय और बाउंड्रीवाल तुरंत हटाने के निर्देश
निर्माणाधीन कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने पर जोर
कक्षा 6-8 के लिए क्यूआर आधारित ई-शिक्षा सामग्री जारी
आधार अपडेशन और अपार आईडी कार्य अप्रैल अंत तक पूरा करने का लक्ष्य
शिक्षकों के लिए ‘उत्प्रेरणा बुकलेट’ का विमोचन
