कटनी में ‘संकल्प से समाधान’ अभियान सफल: 70,672 आवेदनों का हुआ शत-प्रतिशत निराकरण

कटनी | दर्पण 24 न्यूज
मध्यप्रदेश के कटनी जिले में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से चलाए गए ‘संकल्प से समाधान’ अभियान ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। 12 जनवरी से 31 मार्च तक चले इस अभियान के तहत आयोजित 74 शिविरों में प्राप्त सभी 70,672 आवेदनों का निराकरण कर प्रशासन ने एक मिसाल पेश की है।
कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देशन में जिलेभर के पंचायतों, नगरीय निकायों, क्लस्टर, विकासखंड और जिला स्तर पर शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में 22 विभागों की 106 सेवाओं से संबंधित समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया, साथ ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत लाभ भी वितरित किए गए।


विभागवार आंकड़े
अभियान के दौरान सबसे अधिक आवेदन लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग (27,440) में प्राप्त हुए। इसके अलावा सामान्य प्रशासन (11,368), श्रम विभाग (8,823), राजस्व (4,586), योजना आर्थिक एवं सांख्यिकी (3,896), नगरीय विकास (3,588) और सामाजिक न्याय विभाग (3,241) प्रमुख रहे। महिला बाल विकास (2,102), परिवहन (1,793) और पंचायत एवं ग्रामीण विकास (1,433) सहित अन्य विभागों के सभी आवेदनों का भी निराकरण किया गया

शिविरों में मिली प्रमुख सुविधाएं
शिविरों में आयुष्मान भारत योजना, प्रसूति सहायता, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, पीएम किसान सम्मान निधि, लाड़ली लक्ष्मी योजना, श्रमिक पंजीयन, पेंशन योजनाएं, ड्राइविंग लाइसेंस, भवन निर्माण अनुमति, जाति-आय-निवासी प्रमाण-पत्र, जन्म-मृत्यु पंजीयन जैसे अनेक सेवाओं का लाभ दिया गया।
इसके अलावा नगरीय निकायों में नो-ड्यूज प्रमाण पत्र, पीएम स्वनिधि योजना, फायर एनओसी, ट्रेड लाइसेंस और भवन अनुज्ञा जैसे कार्य भी मौके पर किए गए। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में नल-जल योजना, सीमांकन, नामांतरण और अन्य राजस्व मामलों का भी त्वरित समाधान किया गया।
प्रशासन की बड़ी उपलब्धि
प्रशासन का दावा है कि सभी प्राप्त आवेदनों का शत-प्रतिशत निराकरण कर जनता को राहत दी गई है। इस अभियान के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंदों तक पहुंचाने में सफलता मिली है।
👉 कुल मिलाकर ‘संकल्प से समाधान’ अभियान ने न सिर्फ समस्याओं के समाधान की गति बढ़ाई, बल्कि प्रशासन और आमजन के बीच विश्वास को भी मजबूत किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *