कटनी। 23 मार्च शहीद दिवस के अवसर पर विश्राम बाबा काली माई धर्मशाला में “मेरा युवा भारत” कटनी के वॉलिंटियर्स द्वारा एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अमर शहीदों को माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुई, जिसके बाद उपस्थित युवाओं ने देश और समाज की सेवा का संकल्प लिया। इस दौरान श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश भी दिया गया।

कार्यक्रम में जालपा देवी युवा मंडल के अध्यक्ष अमर रैदास, आदर्श युवा मंडल पोड़ी के अध्यक्ष राघवेंद्र यादव, युवा सवेरा समिति परौहा पिपरिया के अध्यक्ष गोवर्धन रजक, काली मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष उत्कर्ष बाजपेई, सदस्य पवन सचदेवा, पांडे जी, लक्ष्मी बाई युवा मंडल सुगंवा की अध्यक्ष सावित्री सिंह, सचिव सारिका सिंह सहित पलक सिंह, पार्वती चक्रवर्ती, संजना कुशवाहा, दीपा विश्वकर्मा और दीपिका रत्नेश लेखराम सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

इस अवसर पर गोवर्धन रजक ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि हर कोई भगत सिंह नहीं बन सकता, लेकिन एक जिम्मेदार और जागरूक युवा जरूर बन सकता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने गांव और समाज के विकास के लिए आगे आएं और देशहित में कार्य करें।

कार्यक्रम के दौरान “इंकलाब जिंदाबाद”, “वंदे मातरम्” और “मेरा भारत, मेरी जिम्मेदारी” जैसे नारों से माहौल देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया। वक्ताओं ने कहा कि आज के समय में सच्ची देशभक्ति केवल सीमाओं पर लड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज सेवा, स्वच्छता और आपसी सहयोग में भी झलकती है।
कार्यक्रम के अंत में सभी युवाओं ने संकल्प लिया कि वे अपने गांव को स्वच्छ बनाएंगे, समाज में जागरूकता फैलाएंगे और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से पालन करेंगे।
दर्पण 24 न्यूज की ओर से शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
