रीठी ब्लॉक में “माय युवा भारत” अभियान तेज, गांव-गांव बन रहे युवा मंडल

दर्पण 24 न्यूज | संवाददाता

कटनी जिले के रीठी ब्लॉक में “माय युवा भारत” अभियान के तहत गांव-गांव में युवा मंडलों का गठन तेजी से किया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना है, जहां वे समाज सेवा, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों, नेतृत्व विकास और सरकारी योजनाओं की जानकारी से जुड़ सकें।

इस अभियान का नेतृत्व कर रहे राघवेंद्र यादव और उनकी वॉलिंटियर टीम लगातार गांवों का दौरा कर युवाओं को जागरूक कर रही है। टीम द्वारा ग्राम पोड़ी, इमलाज, टहकारी, नौवापति, पिपरिया, परौहा और सुगमा सहित कई गांवों में युवा मंडलों का सफल गठन किया गया है।

इन मंडलों में युवाओं के साथ-साथ युवतियों की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। प्रत्येक मंडल में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष और अन्य सदस्य नियुक्त किए जा रहे हैं, ताकि संगठनात्मक ढांचा मजबूत हो और गतिविधियां सुचारू रूप से संचालित हो सकें।

अभियान के तहत वॉलिंटियर्स गांव-गांव जाकर युवाओं को मंडल से जुड़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। साथ ही यह अपील भी की जा रही है कि जब भी आपके गांव में वॉलिंटियर पहुंचे, तो अधिक से अधिक युवा इस पहल से जुड़कर समाज के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

इस पहल को लेकर क्षेत्र में युवाओं के बीच उत्साह देखने को मिल रहा है और उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में यह अभियान युवाओं को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *