बिंदल ग्रुप पर 4 दिन तक चली आयकर की बड़ी कार्रवाई, करोड़ों की नकदी-ज्वेलरी बरामद

नई दिल्ली/मुजफ्फरनगर/बिजनौर। आयकर विभाग (Income Tax Department) ने बिंदल ग्रुप पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 दिनों तक लगातार छापेमारी अभियान चलाया। यह कार्रवाई दिल्ली, उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर और बिजनौर समेत कई ठिकानों पर की गई, जहां ग्रुप की पेपर मिल, शुगर मिल और अन्य कंपनियों से जुड़े दफ्तरों व परिसरों को खंगाला गया।
सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के दौरान जांच टीम को भारी मात्रा में नकदी और कीमती संपत्ति के सबूत मिले हैं। कार्रवाई में 3 करोड़ रुपये से अधिक कैश और लगभग 20 करोड़ रुपये की ज्वेलरी बरामद की गई है। इसके अलावा जांच अधिकारियों को 50 से अधिक अचल संपत्तियों के दस्तावेज भी मिले हैं, जिनकी वैधता और वास्तविक मूल्य की जांच की जा रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि बिंदल ग्रुप की कंपनियों के खातों में करीब 50 करोड़ रुपये की फर्जी खरीद (बोगस परचेजिंग) दर्ज की गई थी। आयकर विभाग को कई ऐसे वित्तीय लेनदेन भी मिले हैं, जो अधूरे या संदिग्ध हैं, जिससे टैक्स चोरी की आशंका और मजबूत हो गई है।
अधिकारियों का कहना है कि जब्त किए गए दस्तावेजों और डिजिटल डेटा की गहन जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में टैक्स चोरी, फर्जी बिलिंग और अघोषित आय के संकेत मिले हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
आयकर विभाग की यह कार्रवाई हाल के समय में क्षेत्र की बड़ी छापेमार कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है। फिलहाल विभाग ने आधिकारिक रूप से विस्तृत बयान जारी नहीं किया है, लेकिन जांच जारी है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।
(दर्पण 24 न्यूज)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *