कोसीकलां/मथुरा। थाना कोसीकलां क्षेत्र में शनिवार को हुए विवाद के मामले में पुलिस ने 22 नामजद और लगभग 300 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों पर प्रशासनिक अधिकारियों पर पथराव, लाठी-डंडों से हमला और अवैध हथियारों से फायरिंग करने के आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार अब तक 14 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। विभिन्न टीमों को लगाया गया है, जो संदिग्धों की लोकेशन ट्रेस कर कार्रवाई कर रही हैं।
मथुरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बाहरी तत्वों द्वारा माहौल खराब करने और अफवाह फैलाने की बात सामने आई है। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना की शुरुआत एक सड़क हादसे से हुई थी। चंद्रशेखर उर्फ फरसा वाले बाबा ने नागालैंड नंबर के एक कैंटर को गोवंश होने की आशंका में रोका था। इसी दौरान कोहरे के कारण पीछे से आ रहे एक ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे बाबा गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मृत्यु हो गई। हादसे में ट्रक चालक, जो अलवर का निवासी था, वह भी घायल हुआ और उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
जांच में सामने आया है कि ट्रक में तार लदे थे, जबकि कैंटर में किराना सामान भरा हुआ था। घटना के समय मौजूद सहयोगी की शिकायत पर कोसीकलां थाने में एक्सीडेंट का मामला दर्ज किया गया था।
स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए प्रशासन ने क्षेत्र में सेक्टर स्कीम लागू कर दी है। मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर रहे हैं और शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।
एसएसपी श्लोक कुमार ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अपुष्ट जानकारी सोशल मीडिया पर साझा न करें और केवल सत्यापित तथ्यों के आधार पर ही पोस्ट करें।
कोसीकलां विवाद में 22 नामजद व 300 अज्ञात पर मुकदमा, 14 गिरफ्तार; अफवाह फैलाने वालों की पहचान जारी
