कटनी, 17 मार्च। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना के तहत संचालित मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाने के लिए जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने जिले की सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि विद्यालयों में क्षतिग्रस्त किचन शेड की मरम्मत कार्य को प्राथमिकता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए।
सीईओ ने स्पष्ट कहा कि किचन शेड की खराब स्थिति के कारण भोजन पकाने में आ रही दिक्कतों को तत्काल दूर करना आवश्यक है, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और समय पर मध्यान्ह भोजन मिल सके। इसके लिए पांचवें वित्त आयोग से प्राप्त राशि का उपयोग करते हुए मरम्मत कार्य में तेजी लाई जाए।
इसके साथ ही उन्होंने पारदर्शिता और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से किचन शेड की बाहरी दीवारों पर आवश्यक जानकारी अंकित कराने के निर्देश भी दिए हैं। इसमें प्रतिदिन का भोजन मेन्यू, संचालन करने वाले समूह का नाम, अध्यक्ष व सचिव, रसोइयों के नाम और उनके मोबाइल नंबर सहित अन्य महत्वपूर्ण विवरण शामिल होंगे।
सीईओ सुश्री कौर ने कहा कि इन व्यवस्थाओं से न केवल भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि अभिभावकों एवं स्थानीय नागरिकों को भी निगरानी में सुविधा मिलेगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि योजना का लाभ छात्रों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।
