संरचना समाज कल्याण समिति के उपाध्यक्ष बने समाजसेवी दिनेश पांडेय, गौ सेवा के लिए लिया बड़ा संकल्प

रीठी/कटनी। सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहने वाले समाजसेवी श्री दिनेश पांडेय को संरचना समाज कल्याण समिति का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति पर क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं, गौ सेवकों एवं आम नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।

श्री दिनेश पांडेय लंबे समय से समाज सेवा और गौ सेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। वे न केवल जरूरतमंद और पीड़ित लोगों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं, बल्कि मूक पशुओं विशेषकर गौ माता की सेवा और संरक्षण के लिए भी निरंतर प्रयास करते रहे हैं।

बताया जाता है कि श्री पांडेय एक सच्चे गौ भक्त के रूप में जाने जाते हैं। उन्होंने कई बार सड़कों पर दर-दर भटक रही और घायल गौ माताओं को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने, उनके उपचार और देखभाल का जिम्मा उठाया है। इसी सेवा भावना को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने अब गौशाला निर्माण का संकल्प लिया है, ताकि बेसहारा और भटकती हुई गौ माताओं को सुरक्षित आश्रय मिल सके और उनका समुचित संरक्षण हो सके।

समाजसेवी श्री दिनेश पांडेय का मानना है कि “पीड़ित मानवता की सेवा ही ईश्वर सेवा है, लेकिन मूक और असहाय जानवरों की सेवा करना भी उतना ही बड़ा पुण्य कार्य है।” वे कहते हैं कि समाज को केवल मानव सेवा तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि प्रकृति और पशु-पक्षियों की रक्षा के लिए भी आगे आना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि श्री दिनेश पांडेय दर्पण 24 न्यूज के संपादक के रूप में भी पत्रकारिता के माध्यम से समाज की समस्याओं और जनहित के मुद्दों को लगातार उठाते रहे हैं। पत्रकारिता और समाज सेवा दोनों क्षेत्रों में उनकी सक्रियता के कारण क्षेत्र में उनकी अलग पहचान बनी हुई है।

संरचना समाज कल्याण समिति के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया है कि श्री दिनेश पांडेय के अनुभव, सेवा भावना और सक्रियता से समिति के सामाजिक कार्यों को और अधिक गति मिलेगी तथा समाज हित में कई नए कार्य किए जाएंगे।

उनकी नियुक्ति पर क्षेत्र के कई समाजसेवियों और नागरिकों ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे समर्पित और सेवा भाव रखने वाले व्यक्तियों के नेतृत्व में समाज सेवा के कार्य निश्चित रूप से और मजबूत होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *