हमारे देश में शादी समारोह केवल दो लोगों के मिलन का नहीं, बल्कि खाने-पीने की अद्भुत प्रतियोगिता का भी महाकुंभ बन चुका है। प्लेट में जितना समा जाए, उससे ज्यादा लेने और फिर किसी कोने में खड़े होकर खाने की परंपरा भी अब सामाजिक संस्कार बन चुकी है। लेकिन इसी “मिठास भरे माहौल” में एक ऐसी घटना हो गई जिसने पूरे समारोह को स्तब्ध कर दिया।
जानकारी के अनुसार, एक शादी समारोह में शामिल हुआ एक युवक रसगुल्ला खाते समय अचानक असहज हो गया। बताया जा रहा है कि रसगुल्ला गले में फंस गया और कुछ ही देर में युवक की हालत बिगड़ गई। मौजूद लोगों ने पहले तो इसे सामान्य खांसी समझा, लेकिन जब स्थिति गंभीर हुई तब तक काफी देर हो चुकी थी। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद शादी समारोह की चमक-दमक और डीजे की आवाज अचानक थम गई। जिस जगह कुछ देर पहले लोग मिठाइयों की प्लेटों पर टूट पड़ रहे थे, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ था। लोगों के चेहरों पर एक ही सवाल था — “क्या एक रसगुल्ला भी जान ले सकता है?”
हालांकि यह पहली बार नहीं है जब खाने की जल्दबाजी और लापरवाही ने किसी की जान ली हो। हमारे देश में शादी-ब्याह का माहौल ऐसा होता है कि लोग पहले प्लेट भरने की चिंता करते हैं और बाद में यह सोचते हैं कि खाया कैसे जाएगा। कई लोग तो ऐसे होते हैं जो प्लेट में रसगुल्ले ऐसे रखते हैं जैसे कल से दुनिया में मिठाई बंद होने वाली हो।
समारोह में मौजूद कुछ लोगों ने बताया कि युवक ने एक साथ कई रसगुल्ले प्लेट में ले लिए थे। शायद मिठास के इस “अत्यधिक प्रेम” ने ही यह हादसा करा दिया। वहीं कुछ बुजुर्गों ने मौके पर ही यह टिप्पणी भी कर दी कि “भाई, रसगुल्ला है… गोली नहीं कि पूरा का पूरा निगल जाओ।”
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या हमारे समारोहों में भोजन के प्रति संयम और सावधानी की कोई जगह बची है या नहीं। शादी में लोग खाने की टेबल पर ऐसे टूट पड़ते हैं जैसे यह जीवन का अंतिम भोज हो।
विशेषज्ञ भी कहते हैं कि किसी भी खाद्य पदार्थ को धीरे-धीरे और ठीक से चबा कर खाना चाहिए। लेकिन शादी समारोहों में यह सलाह उतनी ही अनसुनी रह जाती है जितनी डीजे पर बजते गानों के बीच किसी की आवाज।
फिलहाल इस दुखद घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोग भी इस बात को लेकर हैरान हैं कि एक छोटी सी मिठाई इतनी बड़ी त्रासदी का कारण बन सकती है।
इस घटना ने यह जरूर याद दिला दिया है कि जीवन में मिठास जरूरी है, लेकिन मिठाई खाते समय थोड़ी सावधानी उससे भी ज्यादा जरूरी है। क्योंकि कभी-कभी एक रसगुल्ला भी जिंदगी का “फुल स्टॉप” बन सकता है।
रसगुल्ला खाने वाले हो जाओ सावधान” रसगुल्ला खाते समय गले में फंसा, शादी समारोह में युवक की हो गई मौत – मिठास में छुपा कड़वा सच
