“गौ सेवा छोड़ो नहीं तो जान से मार देंगे!” – फोन पर मिली धमकी, अब पुलिस खोज रही ‘बहादुर’ कॉलर

कटनी। जिले में फोन कॉल पर धमकी देने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला स्लीमनाबाद क्षेत्र का है, जहां विश्व हिंदू परिषद–बजरंग दल के नगर सह मंत्री कर्ण मिश्रा को अज्ञात व्यक्ति द्वारा फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई।
बताया जा रहा है कि 9 मार्च की रात करीब 11:30 बजे कर्ण मिश्रा के मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने उन्हें सीधे तौर पर धमकाते हुए कहा कि “गौ सेवा छोड़ दो और विश्व हिंदू परिषद से इस्तीफा दे दो, नहीं तो जान से मार देंगे।”
कर्ण मिश्रा के अनुसार यह धमकी एक बार नहीं बल्कि पूरी रात कई बार फोन कर दी गई। अब सवाल यह उठ रहा है कि जो लोग फोन पर इतनी बहादुरी दिखा रहे हैं, आखिर सामने आने से क्यों डर रहे हैं?
मामले को लेकर कर्ण मिश्रा ने मंगलवार की जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद संगठन के कार्यकर्ताओं में भी काफी नाराजगी देखने को मिली।
इसके बाद विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कटनी के पास पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए फोन कॉल डिटेल और रिकॉर्डिंग के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
अब देखना यह होगा कि फोन पर ‘शेर’ बनने वाला यह अज्ञात शख्स पुलिस की जांच में कब तक सामने आता है, या फिर उसकी बहादुरी सिर्फ मोबाइल नेटवर्क तक ही सीमित थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *