दर्पण 24 न्यूज़ | कटनी | रिपोर्ट – राजकुमारी मिश्रा
कटनी जिले में रबी विपणन वर्ष 2026–27 के लिए समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। जिले में किसानों के पंजीयन की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हो गई है। प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार इस वर्ष जिले के 52 हजार 951 किसानों ने समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने के लिए अपना पंजीयन कराया है।
जिला प्रशासन द्वारा कलेक्टर Ashish Tiwari के निर्देशन में किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले भर में 55 पंजीयन केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर 7 फरवरी से पंजीयन की प्रक्रिया शुरू की गई थी, जो निर्धारित अवधि में पूर्ण कर ली गई।
बहोरीबंद में सबसे अधिक पंजीयन
जिले में किसानों के पंजीयन के आंकड़ों पर नजर डालें तो तहसील बहोरीबंद सबसे आगे रही, जहां 10 हजार 826 किसानों ने अपना पंजीयन कराया। इसके बाद ढीमरखेड़ा तहसील में 9 हजार 748 किसानों ने पंजीयन कराया। वहीं विजयराघवगढ़ तहसील में 6 हजार 780 किसान समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने के लिए पंजीकृत हुए।
इसी प्रकार रीठी तहसील में 5 हजार 411 किसानों, बड़वारा तहसील में 5 हजार 43 किसानों तथा बरही तहसील में 4 हजार 87 किसानों ने पंजीयन कराया है। इसके अतिरिक्त कटनी नगर तहसील में 2 हजार 951 किसानों और कटनी तहसील में 2 हजार 778 किसानों ने समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने के लिए अपना पंजीयन कराया है।
23 मार्च से शुरू होगी गेहूं खरीदी
जिला प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 23 मार्च से जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी शुरू की जाएगी। इस वर्ष किसानों से 2 हजार 625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीदा जाएगा।
