कटनी।ग्राम विकास संघर्ष समिति सलीमनाबाद बंढ़ी स्टेशन के आवाहन पर 10 मार्च को हुए रेल रोको आंदोलन का असर अब दिखाई देने लगा है। आंदोलन के बाद रेलवे प्रशासन द्वारा कुछ महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव को लेकर सकारात्मक पहल की गई है, जिससे क्षेत्रीय लोगों में खुशी का माहौल है।

जानकारी के अनुसार ट्रेन नंबर 11265-11266 (जबलपुर–अंबिकापुर) और 11651-11652 (जबलपुर–सिंगरौली) का ठहराव सलीमनाबाद में सुनिश्चित किया गया है। इसके अलावा 11753-11754 (रीवा–इटवारी) जो सप्ताह में तीन दिन चलती थी, उसकी जगह 11755-11756 (छिंदवाड़ा होकर) चलने वाली ट्रेन के ठहराव की भी मांग रखी गई है, जिससे यह ट्रेन पूरे सप्ताह उपलब्ध हो सकेगी।

इन तीनों ट्रेनों के ठहराव से सलीमनाबाद–बंढ़ी स्टेशन तथा आसपास के क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। लंबे समय से स्थानीय लोग यहां ट्रेनों के ठहराव की मांग कर रहे थे।
ग्राम विकास संघर्ष समिति ने इस सफलता के लिए क्षेत्र के नागरिकों का आभार व्यक्त किया है। समिति का कहना है कि नागरिकों के सहयोग और समर्थन से ही रेल रोको आंदोलन का आयोजन हुआ और उसे सफलता मिली।
स्थानीय लोगों का मानना है कि ट्रेनों के ठहराव से क्षेत्र के व्यापार, शिक्षा और आवागमन को नई गति मिलेगी और यात्रियों को अब दूर-दराज के स्टेशनों पर जाने की मजबूरी से राहत मिलेगी।
