धार| दर्पण 24 न्यूज़ दिनेश कुमार संपादक
मध्यप्रदेश के धार जिले में एक ऐसी घटना हुई जिसने प्रशासनिक व्यवस्था पर भी हल्का-सा व्यंग्य कर दिया। यहां एक नायब तहसीलदार अपने घर के आंगन में आराम से बैठे थे कि तभी एक बंदर अचानक पीछे से आया और जोरदार काटकर चला गया। नतीजा यह हुआ कि अधिकारी महोदय को अस्पताल जाकर कई टांके लगवाने पड़े।
घटना के बाद शहर में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ लोगों का कहना है कि शायद बंदर भी किसी काम से तहसील कार्यालय गया होगा, लेकिन फाइलें इधर-उधर घूमती देखकर उसका धैर्य जवाब दे गया और उसने सोचा—“अब सीधे कार्रवाई ही करनी पड़ेगी।”
लोग मज़ाक में यह भी कह रहे हैं कि जहां आम आदमी अपनी समस्या लेकर महीनों तक सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाता है, वहीं इस बंदर ने “फास्ट ट्रैक न्याय” का तरीका अपनाया और सीधे जिम्मेदार अधिकारी तक पहुंच गया।
कुछ स्थानीय नागरिकों ने तो यहां तक कह दिया कि अगर शहर की समस्याओं—टूटी सड़कें, गड्ढे, पानी की किल्लत और लंबित फाइलें—का समाधान जल्दी नहीं हुआ, तो हो सकता है आने वाले समय में बंदरों का प्रतिनिधिमंडल ही तहसील कार्यालय पहुंच जाए।
फिलहाल अधिकारी की हालत ठीक बताई जा रही है, लेकिन इस घटना ने लोगों को हंसने और सोचने दोनों का मौका जरूर दे दिया है।
(दर्पण 24 न्यूज़ |
